दैनिक शाक्य समाचार
प्रमोद कुमार
बदायूँ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूँ में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 'वामा सारथी' की अध्यक्षा श्रीमती रेनू सिंह के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वामा सारथी की उपाध्यक्षा श्रीमती उर्वशी द्विवेदी (पत्नी श्री विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर) ने पुलिस परिवार की उन महिलाओं और बेटियों को पुरस्कृत किया, जिन्होंने अपने क्षेत्रों में प्रेरणादायी कार्य किए हैं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए समाज में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और शासन द्वारा चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।
इस भव्य आयोजन के दौरान प्रतिसार निरीक्षक श्री इन्द्रजीत सिंह, महिला आरक्षी नीलम, वामा सारथी की सदस्य और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।