दैनिक शाक्य समाचार
यशवीर सिंह
बदायूं, 4 मई 2026। थाना कोतवाली पुलिस ने एक माह पुराने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की जंजीर और ताला भी बरामद किया है।
लेनदेन के विवाद में हुई थी हत्या
वादी इक्तेदार अहमद निवासी नई सराय ने पुलिस को बताया था कि उनका साला शाहिद हुसैन पुत्र अरशद हुसैन 3 अप्रैल 2026 को काम से घर जा रहा था। सोथा नई बस्ती, गुड्डू हलवाई के सामने वाली गली में नईम, फजल और वासिफ ने रुपये के लेनदेन को लेकर घातक हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0स0 102/2026 धारा 103(1)/3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 मई को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नईम पुत्र अमीनउद्दीन और वासिफ पुत्र मो0 फरहत, दोनों निवासी चौधरी सराय नई बस्ती, को आसरा आवास बाईपास मोड के पास से गिरफ्तार किया।
युवक वासिफ की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की जंजीर जिसमें ताला लगा है, बरामद की गई। दोनों के पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल भी मिले।
विकलांग होने के बावजूद मारपीट, फिर रची साजिश
पूछताछ में नईम ने बताया कि वह और मृतक शाहिद साथ में मजदूरी करते थे। शाहिद पर उसके 500 रुपये बकाया थे, जिसमें से 300 दे दिए थे और 200 बाकी थे। कई बार मांगने पर शाहिद टालता था। घटना वाले दिन शाहिद ने उधार के 200 रुपये मांगने पर नईम के साथ मारपीट कर दी, जबकि नईम एक पैर से विकलांग है।
इसके बाद नईम ने अपने भाई फजल और वासिफ को फोन कर बुला लिया। तीनों ने बदला लेने के लिए शाहिद पर हमला किया। फजल ने चाकू से, वासिफ ने ताले वाली जंजीर से वार किया और नईम ने शाहिद के हाथ पकड़ लिए थे।
गिरफ्तार आरोपी:
1. नईम पुत्र अमीनउद्दीन निवासी चौधरी सराय नई बस्ती, थाना कोतवाली बदायूं
2. वासिफ पुत्र मो0 फरहत निवासी चौधरी सराय नई बस्ती, थाना कोतवाली बदायूं
बरामदगी: एक पशु जंजीर मय ताला, 2 एंड्रॉइड मोबाइल।
गिरफ्तारी टीम: प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह मय टीम।