दैनिक शाक्य समाचार
वीर सिंह शाक्य
बिसौली (बदायूं):बिसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशुतोष मौर्य "राजू भैया" ने गुरुवार को अपने आवास से जनगणना 2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं की गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर क्षेत्रवासियों को इस महाभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का संदेश दिया।
विधायक आशुतोष मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना का यह प्रथम चरण मकान सूचीकरण और मकानों की गणना पर केंद्रित है। इसका मुख्य कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा। हालांकि, जनता की सुविधा के लिए 07 मई से 21 मई तक 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) का विकल्प दिया गया है। इसके माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप का उपयोग कर घर बैठे ही अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं।
बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, "देश में पहली बार स्व-गणना की सुविधा दी जा रही है। इससे पूरी प्रक्रिया न केवल आसान और तेज होगी, बल्कि इसमें पारदर्शिता भी बढ़ेगी।" उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और प्रगणकों को सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से नायब तहसीलदार अनंगराज सिंह, कस्बा लेखपाल संदीप कुमार, भूलेख तहसील प्रभारी सौरभ शर्मा, प्रभाकर शर्मा (लिट्टे) और पुनीत शाक्य आदि शामिल थे।