दैनिक शाक्य समाचार
यशवीर सिंह
उसहैत (बदायूँ): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बदायूँ के निर्देशानुसार जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे धरपकड़ अभियान को आज उसहैत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में काफी समय से फरार चल रहे दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
थाना उसहैत पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 08 मई 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 93/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट से संबंधित दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अवनीश पुत्र वीरेन्द्र और अर्चित दीक्षित पुत्र रविन्द्रपाल दीक्षित, निवासी ग्राम सथरा, थाना उसहैत के रूप में हुई है।
अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। विशेषकर अभियुक्त अवनीश का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर थाना उसहैत और जनपद बरेली के थाना भमौरा में हत्या (302), हत्या के प्रयास (307), डकैती (395), एससी/एसटी एक्ट और चोरी जैसे संगीन अपराधों के करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, दूसरे अभियुक्त अर्चित दीक्षित पर भी हत्या और पुलिस कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर धाराओं में पूर्व से ही दो मुकदमे दर्ज हैं।
न्यायालय में किया गया पेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। क्षेत्रीय पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।