-->

Notification

×

Categori

All Category
Copyright © Best Viral Premium Blogger Templates

Iklan

Iklan

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीरांगनाओं का हुआ सम्मान

रविवार, 26 जुलाई 2026, जुलाई 26, 2026 WIB Last Updated 2026-07-26T11:20:38Z
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीरांगनाओं का हुआ सम्मान

शहीदों के परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज का नैतिक दायित्व" : पुनीता सिंह खुशबू


दैनिक शाक्य समाचार 
प्रमोद सिन्हा 

गाजीपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिले में देशभक्ति और शौर्य का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। सौर्य संगठन एवं यादव महासभा सैनिक प्रकोष्ठ, गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कारगिल के अमर शहीद शेषनाथ यादव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर शहीदों के बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। शहीदों के परिवारों का सम्मान केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब पूरा समाज शहीद परिवारों के साथ सम्मानपूर्वक खड़ा होगा, तभी उनके बलिदान का वास्तविक सम्मान होगा।
उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर जवानों ने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से भारत का मस्तक विश्वभर में ऊंचा किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनका त्याग सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में सौर्य संगठन के पदाधिकारियों ने पुनीता सिंह खुशबू का सम्मान किया तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सौर्य संगठन के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र फौजी ने सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्र सेवा का संकल्प दिलाते हुए कहा कि हम सभी अपने वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को सदैव जीवित रखेंगे तथा समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में शहीद शेषनाथ यादव की पत्नी सरोज यादव, शहीद रामबिलास यादव की पत्नी पुष्पा यादव तथा शहीद अश्विनी यादव की पत्नी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने वीरांगनाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और धैर्य को नमन किया।
यादव महासभा के वरिष्ठ नेता सुजीत यादव 'साइकिल' ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सैनिकों के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। समाज को उनके सुख-दुख में सहभागी बनकर यह संदेश देना चाहिए कि देश अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के साथ हमेशा खड़ा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और शहीदों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर मोहम्मद सोबराती, कैप्टन कृष्ण कुमार बिंद, सूबेदार उमाशंकर यादव, सूबेदार ओमप्रकाश यादव, हवलदार रामध्यान यादव, फौजी मोती यादव, कैप्टन अंबिका यादव, फौजी सुदर्शन यादव, सूबेदार लालचन पाल, सूबेदार श्यामदेव राठौर, फौजी कल्याण सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ।
Komentar

Tampilkan

  • कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीरांगनाओं का हुआ सम्मान
  • 0

ब्रेकिंग न्यूज