-->

Notification

×

Categori

All Category
Copyright © Best Viral Premium Blogger Templates

Iklan

Iklan

हज-2027 के प्रशिक्षक हेतु 23 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन।

अभयराज सिंह
मंगलवार, 11 अगस्त 2026, अगस्त 11, 2026 WIB Last Updated 2026-08-11T15:32:53Z
दैनिक शाक्य समाचार 
बदायूँ: - प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव कुमार पाठक ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इण्डिया, मुम्बई द्वारा हज-2027 के हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रशिक्षकों के चयन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 11 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हज कमेटी ऑफ इण्डिया की आधिकारिक वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। हज कमेटी ऑफ इण्डिया की वेबसाइट पर हज-2027 से संबंधित दिशा-निर्देश एवं सूचनाएं भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षकों के चयन के लिए कम्प्यूटर बेस्ड परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की जाएगी। सीबीटी में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 01 से 06 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सितम्बर 2026 के अंतिम सप्ताह में मुम्बई में संभावित है। प्रशिक्षक पद के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि 150 हज आवेदकों पर एक प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा। पुरुष एवं महिला प्रशिक्षकों का चयन पुरुष एवं महिला हज यात्रियों की संख्या के अनुपात में किया जाएगा। आवेदक की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट/12वीं पास या समकक्ष होना आवश्यक है। स्नातक एवं सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में 05 अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे।
प्रशिक्षक हेतु आयु 07 अगस्त 2026 को 25 से 60 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदक के विरुद्ध कोई आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए, जिसके संबंध में स्व-अभिप्रमाणित शपथ-पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदक द्वारा पिछले पांच वर्षों में हज किया होना आवश्यक है। इसके प्रमाण के रूप में वीजा, पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठ अथवा हज कमेटी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू एवं स्थानीय भाषा बोलने तथा समझने में दक्ष होना चाहिए। इसके साथ ही मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ, कम्प्यूटर में दक्ष तथा हज सुविधा एप की जानकारी होना आवश्यक है। चयन होने पर सरकारी चिकित्सक द्वारा जारी फिटनेस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी को हज के अरकान की पूर्ण जानकारी के साथ-साथ भीड़ अथवा समूह को संबोधित एवं नियंत्रित करने का अनुभव होना भी अपेक्षित है।
चयन कम्प्यूटर बेस्ड परीक्षा में 100 अंक तथा साक्षात्कार में 20 अंकों के संयुक्त आधार पर तैयार मेरिट के अनुसार किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में सफल होने के लिए सीबीटी एवं साक्षात्कार में अलग-अलग न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए निर्धारित अवधि में हज कमेटी ऑफ इण्डिया की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करें तथा आवेदन करने से पूर्व वेबसाइट पर उपलब्ध हज-2027 से संबंधित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अवलोकन कर लें।

Komentar

Tampilkan

  • हज-2027 के प्रशिक्षक हेतु 23 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन।
  • 0

ब्रेकिंग न्यूज