दैनिक शाक्य समाचार
बृजभान यादव
आलापुर (अम्बेडकरनगर)किसी भी राष्ट्र की मेधा शक्ति ही उसकी समृद्धि और शक्ति सम्पन्नता का द्योतक तथा शिक्षण संस्थानों की श्रेष्ठता का परिचायक होती है।शिक्षित युवाशक्ति ही राष्ट्र निर्माण के निर्धारक श्रृंखला होते हैं।ये उद्गार गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, राजेसुलतानपुर के प्रबंधक सर्वेंद्र वीर विक्रम सिंह ने व्यक्त किए।श्री सिंह आज श्री लल्लन जी ब्रह्मचारी पी जी कॉलेज, राजेसुलतानपुर में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने हेतु आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य प्रेम नारायण सिंह तथा संचालन डॉ.उदयराज मिश्र ने किया। मालूम हो कि जिले के सुदूर पूर्वांचल में स्थित किंतु पठन पाठन और पाठ्येतर क्रियाओं में पूरे अयोध्या मंडल में ख्यात स्थानीय गांधी स्मारक इंटर कॉलेज द्वारा प्रधानाचार्य डॉ.कप्तान सिंह के संयोजकत्व में प्रतिभा सम्मान का आयोजन किया गया ।जिसमें कक्षा 10 तथा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में बिना नकल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक संवर्ग के कुल 60 मेधावियों को माल्यार्पण करते हुए मोमेंटम और मेडल पहनाते हुए सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित थे।
ध्यातव्य है कि इसी वर्ष हिंदुस्तान द्वारा आयोजित ओलंपियाड में भी इस कॉलेज के कुल 5 विद्यार्थियों को प्रदेश तथा 2 लोगों को राष्ट्र स्तर पर स्थान प्राप्त हुआ,जोकि किसी भी संस्था के लिए गर्व की बात है। प्रतिभा सम्मान में जिस तरह से उपस्थित होकर अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन की उत्तम अनुशासन और पढ़ाई को लेकर प्रशंसा की ,वह काबिले गौर है।
इस अवसर पर आज कार्यक्रम की रंगारंग शुरुआत वाग्देवी सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा माल्यार्पण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ।जिसे शिक्षक नेता रामचरण सिंह,प्राचार्य डॉ.मनोज कुमार सिंह,पूर्व प्रधानाचार्य प्रेम नारायण सिंह आदि वक्ताओं ने संबोधित किया।जिसके पश्चात कक्षा 10 बालक वर्ग में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र दिव्यांश मौर्य, हरिकेश, दिव्यांग साव तथा छात्रा कुमारी अंकिता,रेशमा बानो और शिवांगी सहित कुल 20 विद्यार्थियों को एवं कक्षा 12 कला वर्ग के छात्र अमन कुमार, नूर मुहम्मद और सत्यम तथा छात्रा साक्षी दुबे,शिफा बानो और शिवानी मोदनवाल तथा रूपाली सहित कुल 26 विद्यार्थियों तथा विज्ञान वर्ग कक्षा 12 के छात्र सत्यम,सचिन कुमार,विशाल वर्मा एवं छात्रा कुमारी आफरीन,ज्योति मौर्य तथा शालू वर्मा व शालू गौतम सहित 20 विद्यार्थियों को मेडल और मोमेंटम प्रदान करते हुए सम्मानित किया गया।सम्मानित होने पर विद्यार्थियों की खुशी देखने लायक थी।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ.कप्तान सिंह ने सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों सहित आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया।