दैनिक शाक्य समाचार
शिव कुमार शर्मा
बिल्सी (बदायूँ): जनमानस की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए शासन के निर्देशानुसार आज, 2 मई 2026 को तहसील बिल्सी में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बदायूँ, श्री अवनीश राय और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने संयुक्त रूप से जनता की समस्याओं को सुना।
समाधान दिवस के दौरान तहसील क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास और अन्य विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी और एसपी ग्रामीण ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया।
शेष शिकायतों के संदर्भ में जिलाधिकारी श्री अवनीश राय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का न्यायोचित व विधिक निस्तारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में मातहतों को निर्देश दिए कि पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता बरतें और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करें। इस दौरान तहसील के अन्य प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे।