दैनिक शाक्य समाचार
महेंद्र पाल
वजीरगंज (बदायूं): बाल विकास परियोजना वजीरगंज के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए जे.जे. ज्ञान डिग्री कॉलेज में एक भव्य स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्मार्ट फोन पाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चेहरे खिल उठे।
विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने किया वितरण
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती गुड्डू देवी और उनके पुत्र शिवम राठौड़ ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार कथनी और करनी में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 'स्मार्ट' बनाने के लिए उन्हें स्मार्ट भवनों के साथ-साथ अब स्मार्टफोन की सुविधा भी दी जा रही है।
अब ऑनलाइन दिखेगी रिपोर्ट
बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) सुशील कुमार सिंह ने बताया कि बिना फोन के विभागीय कार्यों और डेटा फीडिंग में काफी दिक्कतें आ रही थीं। अब स्मार्टफोन मिलने से आंगनबाड़ी केंद्रों का काम ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज होगा, जिसे प्रदेश और देश स्तर पर देखा जा सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वजीरगंज परियोजना प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगी।
विशिष्ट जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा नेता राहुल वार्ष्णेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनुज सक्सेना, राघव सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य जयपाल सिंह और अरुण कुमार शेखर ने भी अपने विचार रखे। विधायक ने सफल आयोजन के लिए ब्लॉक समन्वयक कार्तिक को सम्मानित किया।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य सेविका गीतांजलि व शिवानी, ब्लॉक समन्वयक अतुल यादव सहित प्रीति सक्सेना, मुन्नी देवी, शिप्रा वार्णेय, कल्पना तिवारी और मनीषा राघव का विशेष सहयोग रहा।