दैनिक शाक्य समाचार
वीर सिंह शाक्य
बिसौली। बिसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशुतोष मौर्य "राजू भैया" ने रविवार को अपने बिसौली स्थित आवास पर 'जनता दर्शन' कार्यक्रम का आयोजन किया। साप्ताहिक अवकाश के दिन आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से भारी संख्या में लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे।जनता दर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस, राजस्व और राशन वितरण जैसी स्थानीय और व्यक्तिगत समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक आशुतोष मौर्य ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और उनके प्रार्थना पत्र लिए। उन्होंने मौके पर ही संबंधित प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को फोन कर जनसमस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर अनेक स्थानीय कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।