टीशू पेपर की आड़ में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा 167.710 किलो गांजा बरामद उड़ीसा से पंजाब जा रही थी करीब 50 लाख रुपये की गांजे की खेप
दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार डीसीएम से गांजा बरामद पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
दैनिक शाक्य समाचार
| दिव्य श्रीवास्तव
संतकबीरनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टीशू पेपर की आड़ में गांजा तस्करी किए जाने का खुलासा किया है। पुलिस ने एनएच-27 स्थित मगहर पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान अशोका लीलैंड डीसीएम से 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन राम कुमार के निर्देशन, पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी तथा पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन में की गई। क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे, एसओजी प्रभारी रजनीश राय और सर्विलांस सेल प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई गांजे की खेप
पुलिस टीम 12 अगस्त की रात मगहर पुलिस चौकी के पास एनएच-27 पर गोरखपुर की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक अशोका लीलैंड डीसीएम को रोककर जांच की गई। वाहन में चालक समेत दो लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने वाहन में टीशू पेपर लदा होने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने टीशू पेपर के बंडलों के बीच 7 बोरियों में गांजा छिपाकर ले जाने की बात स्वीकार की। तलाशी में 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा से पंजाब ले जा रहे थे गांजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंचल सिंह निवासी आदर्श नगर, लुधियाना (पंजाब) और राहुल निवासी बाबा जीवन सिंह नगर, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा प्राप्त कर डीसीएम में टीशू पेपर के बंडलों के बीच छिपाकर पंजाब ले जाते थे और वहां ग्राहकों को गांजा बेचते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि श्रावण माह में प्रयागराज मार्ग पर कांवड़ियों की अधिक आवाजाही तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस की बैरिकेडिंग और चेकिंग को देखते हुए उन्होंने बनारस-गोरखपुर होकर पंजाब जाने वाला रास्ता चुना था। गांजे के साथ यह सामान भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 167.710 किलोग्राम गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक अशोका लीलैंड डीसीएम, तीन मोबाइल फोन, एक पर्स, पांच ड्राइविंग लाइसेंस, एक एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
डीसीएम के आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया। मामले में कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 746/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया गया है।
आपराधिक इतिहास की भी हो रही जांच
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का प्राथमिक स्तर पर कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। संबंधित जनपदों से समन्वय स्थापित कर उनके आपराधिक इतिहास और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
बड़ी बरामदगी और गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उड़ीसा से पंजाब तक चल रहे इस तस्करी नेटवर्क में आरोपियों के अलावा और कौन-कौन लोग जुड़े हैं