दैनिक शाक्य समाचार
संत कुमार सिंह
बदायूँ, 30 अप्रैल 2026। थाना सिविल लाइन पुलिस ने अलापुर बुधवाई रोड पर युवक आतिफ की गोली मारकर हत्या करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश रवि उर्फ रामसच्चे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
*घटना का विवरण:*
दिनांक 17.04.2026 को अलापुर रोड पर बाबूजी ढाबे के पास आतिफ पुत्र बिदरीश निवासी आसपुर, थाना अलापुर को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल बदायूँ लाया गया, जहां से बरेली रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान आतिफ की मृत्यु हो गई। मृतक के पिता बिदरीश उर्फ बडक्का की तहरीर पर 18.04.2026 को थाना सिविल लाइन में मु0अ0स0-153/2026 धारा 103(1)/126(2) BNS के तहत उसामा समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।
*जांच में कैसे खुला राज:*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर शिवम, प्रभात और अंशुल से पूछताछ हुई।
पूछताछ में सामने आया कि 17 अप्रैल को आतिफ, शिवम और रवि उर्फ रामसच्चे बुधवाई रोड पर प्रभात की दुकान पर मिले थे। वहां आतिफ ने रवि की पैंट में तमंचा देखकर कहा कि "कोई शिकायत कर देगा तो सब फंस जाएंगे।" इस पर आतिफ ने तमंचा छीनने की कोशिश की, तो रवि ने जान से मारने की नीयत से आतिफ को गोली मार दी।
*गुमराह करने की कोशिश:*
वारदात के बाद रवि, शिवम के साथ घायल आतिफ को उसी की बाइक से लीलावती अस्पताल ले गया। वहां से जिला अस्पताल बदायूँ पहुंचा। पुलिस को गुमराह करने के लिए रवि ने अस्पताल में घायल का नाम खुद का "रवि उर्फ रामसच्चे" दर्ज कराया और भर्ती कराने वाले के तौर पर शिवम का नाम व आतिफ का मोबाइल नंबर लिखवा दिया।
शिवम ने बताया कि बरेली ले जाते समय रवि ने पुरानी रंजिश और खुद पर दर्ज मुकदमों के चलते आतिफ से जबरन वीडियो बनवाकर ओसामा समेत 3 लोगों के नाम बुलवाए थे।
गिरफ्तारी और बरामदगी:
चश्मदीद गवाहों के बयान और घटनास्थल की निशानदेही के बाद रवि उर्फ रामसच्चे पुत्र जगपाल, निवासी कुरियाई, थाना सवायजपुर, हरदोई का नाम सामने आया। एसएसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आज 30.04.2026 को थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी:
1. एक तमंचा 315 बोर - हत्या में प्रयुक्त
2. एक खोखा कारतूस 315 बोर
3. चार जिंदा कारतूस 315 बोर
आपराधिक इतिहास:
रवि उर्फ रामसच्चे पर थाना अलापुर और सिविल लाइन में लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट के 4 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह, उ0नि0 प्रमोद कुमार, का0 लवलेश कुमार, का0 दीपक कुमार।