दैनिक शाक्य समाचार
महेंद्र पाल
बदायूँ, 30 अप्रैल 2026। थाना कोतवाली पुलिस ने महिला से कुंडल छीनकर भागने वाले शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। युवक के पास से लूटा गया एक कुंडल, Realme मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा-कारतूस बरामद हुए हैं। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है।
घटना का विवरण:
दिनांक 27.04.2026 को पीतमराम अपनी पत्नी नीलम व बेटी स्वानी के साथ उझानी से बरेली लौट रहे थे। थाना कोतवाली क्षेत्र के आश्रय आवास कॉलोनी के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने नीलम के दोनों कानों के कुंडल छीन लिए और फरार हो गए। इस संबंध में थाना कोतवाली में मु0अ0स0 92/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई।
मुठभेड़ कैसे हुई:
बुधवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को कादरी तिराहे की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। पुलिस को देखकर वह बाइक मोड़कर भागने लगा। बारिश से गीली जमीन पर बाइक फिसलने के बाद उसने भागते हुए पुलिस पर जान से मारने की नीयत से 3 फायर किए। एक गोली आरक्षी पुष्पेन्द्र के दाहिने हाथ को छूती हुई निकल गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी।
घायल बदमाश की पहचान पप्पू उर्फ बिकारूददीन पुत्र अलाउद्दीन, निवासी नई सराय, थाना कोतवाली, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई।
बरामदगी:
1. एक कुंडल पीली धातु का
2. एक Realme मोबाइल
3. घटना में प्रयुक्त Hero HF Deluxe बाइक UP24 BB 1699
4. एक देशी तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 03 खोखा कारतूस
पूछताछ में खुलासा:
युवक ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर ऐसी वारदात करता है। 27 अप्रैल को आश्रय आवास के सामने उसी बाइक से महिला के कुंडल छीने थे। दोनों ने एक-एक कुंडल आपस में बांट लिया था। फरार साथी की तलाश जारी है।
युवक का आपराधिक इतिहास:
पप्पू उर्फ बिकारूददीन पर लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 17 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 से 2018 के बीच उस पर कोतवाली थाने में 16 मुकदमे दर्ज हुए थे।
घायल सिपाही पुष्पेन्द्र और अभियुक्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उ0नि0 पवन कुमार, उ0नि0 रवेन्द्र कुमार, का0 पाती राम, का0 पुष्पेन्द्र, का0 अंकित सिरोही, का0 अंकुश कुमार।