बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशानुसार जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बुधवार को यातायात पुलिस और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाली तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया।
पुलिस लाइन चौराहे पर हुई बड़ी कार्रवाई
यातायात प्रभारी ललित कुमार और सिविल लाइन थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस लाइन चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़कों पर तेज आवाज कर शोर मचाने वाली बाइकों को निशाना बनाया गया। यातायात प्रभारी ललित कुमार ने दो बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया। इनमें से एक बाइक पर न केवल मॉडिफाइड साइलेंसर था, बल्कि उस पर चार सवारी बैठी थीं, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 34,500 रुपये का भारी जुर्माना लगाया। वहीं दूसरी बाइक पर 20,500 रुपये का चालान काटते हुए उसे सीज कर दिया गया।
थाना पुलिस ने भी दिखाई सख्ती
इसी अभियान के तहत सिविल लाइन थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने भी एक बुलेट बाइक को मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर पकड़ा और उस पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाते हुए उसे सीज कर दिया।
जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि तेज आवाज और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों को बख्शा नहीं जाएगा। यातायात पुलिस ने अपील की है कि सभी नियमों का पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।