दैनिक शाक्य समाचार
मेरठ। देश में बढ़ती 'लव जिहाद' और जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाओं को लेकर आज राष्ट्रीय हनुमान दल, मेरठ के कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। संगठन के पदाधिकारियों ने इन गंभीर मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बेटियों की सुरक्षा पर जताई गहरी चिंता
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में एक सुनियोजित साजिश के तहत हिंदू युवतियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्हें प्रेमजाल में फंसाकर, मानसिक दबाव डालकर और शारीरिक शोषण कर जबरन धर्मांतरण कराया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल निंदनीय हैं, बल्कि यह सामाजिक संतुलन, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन चुकी हैं।
सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग
राष्ट्रीय हनुमान दल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि "लव जिहाद" और अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए पूरे देश में एक समान और कठोर केंद्रीय कानून बनाया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक अपराधियों में कानून का खौफ नहीं होगा, तब तक हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी।
भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
इस अवसर पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर हिंदू समाज की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से युवा जिला अध्यक्ष योगेंद्र ठाकुर, युवा जिला महामंत्री सुमित भारती, महानगर अध्यक्ष गौरव कश्यप, युवा जिला सचिव शिवांक ठाकुर, युवा जिला मंत्री अनिवेश गुर्जर और महानगर महामंत्री निक्की प्रजापति शामिल रहे। इनके अलावा नितिन कुमार, दीपक श्री, सचिन सैनी, अतुल सैनी, विवेक, केशव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने 'हिंदू समाज की रक्षा-राष्ट्र की रक्षा' के नारों के साथ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।