यूपी बोर्ड परीक्षा परिणामों में त्रिवेणी इंटर कॉलेज का दबदबा, उदित सक्सेना ने जिले में हासिल किया चौथा स्थान
दैनिक शाक्य समाचार
संत कुमार सिंह
बिसौली (बदायूं): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में तहसील क्षेत्र के होनहारों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसी क्रम में त्रिवेणी इंटर कॉलेज, भटपुरा के छात्र उदित सक्सेना ने जिले की टॉप-10 सूची में चौथा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उदित सक्सेना, जो कि संजीव बाबू के पुत्र हैं, की इस शानदार उपलब्धि पर उनके घर और स्कूल में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होने के बाद उदित ने अपने दादा-दादी और परिवार के बड़ों का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर त्रिवेणी इंटर कॉलेज के प्रबंधक ज्ञान सिंह पाल ने छात्र के निवास पर पहुँचकर उसे मिठाई खिलाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
उदित की सफलता से उत्साहित परिजनों ने एक-दूसरे का मुँह मीठा कराकर जश्न मनाया। उदित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और माता-पिता के कठिन परिश्रम को दिया है। विद्यालय के प्रबंधक ज्ञान सिंह पाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और अवसर की आवश्यकता है।