दैनिक शाक्य समाचार
मुंबई/आंवला: "आंवला-हर के सहारे बाबा श्याम हमारे" के जयघोष के साथ, जीवन धाम के नाम से विख्यात श्री श्याम मंदिर मनौना धाम के महंत श्री ओमेन्द्र महाराज द्वारा मुंबई में भव्य 'आरोग्य यात्रा एवं आशीर्वाद कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। रविवार, 19 अप्रैल 2026 को बोरीवली वेस्ट स्थित डिवाइन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और स्वास्थ्य का अनूठा संगम देखने को मिला।
भक्ति और आरोग्य का संगम
महाराज जी ने बाबा श्याम की पावन ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस समागम में हजारों की संख्या में श्याम भक्त उमड़े। महंत जी ने आसन ग्रहण कर भक्तों को आशीर्वाद दिया और असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों को अभिमंत्रित 'श्याम जल' पिलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
आधुनिक जीवनशैली पर दिया मार्गदर्शन
भक्तों को संबोधित करते हुए महंत ओमेन्द्र महाराज ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और अवसाद सेहत के सबसे बड़े दुश्मन हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, "सच्चा स्वास्थ्य तभी संभव है जब मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन हो।" उन्होंने लोगों से प्राकृतिक चिकित्सा, योग, ध्यान और संतुलित दिनचर्या अपनाने का आह्वान किया।
दिग्गजों ने टेका माथा
कार्यक्रम में आशीर्वाद लेने के लिए राजनीति, सिनेमा और उद्योग जगत की हस्तियां पहुंचीं। बोरीवली विधानसभा से भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने महंत जी का भव्य स्वागत किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधि, गायक, अभिनेता-अभिनेत्री और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इनका रहा विशेष सहयोग
आयोजकों ने महंत जी का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुंबई पुलिस, मनौना धाम के सेवादारों और स्थानीय आयोजक टीम की सराहनीय भूमिका रही। अंत में भक्तों को प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।