दैनिक शाक्य समाचार
संत कुमार सिंह
बिसौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जायन्ट्स ग्रुप ऑफ बिसौली सिटी द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर के चन्दौसी रोड स्थित इंडियन ऑयल के सतीश चंद्र अग्रवाल एण्ड ब्रदर्स पेट्रोल पम्प परिसर में पौधरोपण के साथ किया गया। इसके उपरांत ग्रुप के सदस्यों ने कोतवाली परिसर पहुंचकर दो छायादार पौधे रोपित किए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) आवास पर सीओ श्री संजीव कुमार के साथ चार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। केवल पौधरोपण ही नहीं बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हर नागरिक को पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
जायन्ट्स ग्रुप ऑफ बिसौली सिटी के अध्यक्ष सुमित गोयल एडवोकेट ने कहा कि संस्था समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहती है तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में जायन्ट्स ग्रुप ऑफ बिसौली सिटी के अध्यक्ष सुमित गोयल एडवोकेट, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल, विपुल गोयल, चितरंजन गुप्ता, डॉ. वैभव वार्ष्णेय तथा डॉ. अंकुश गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।