मैनपुरी। त्रिविध पावन बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव एवं तथागत गौतम बुद्ध की जयंती के अवसर पर जनपद में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम अध्यक्ष लालाराम शाक्य उर्फ पिंकी शाक्य के नेतृत्व में इस शोभायात्रा का शुभारंभ नगर के पावर हाउस रोड स्थित गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज के समीप से हुआ।
मुख्य अतिथियों ने दिखाई झंडी
शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि पैड फैक्स अध्यक्ष प्रेम सिंह, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, सपा प्रदेश सचिव महाराज सिंह शाक्य और भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र शाक्य ने पंचशील ध्वज दिखाकर किया। इससे पूर्व अतिथियों ने बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की।
नगर भ्रमण के दौरान उमड़ा जनसैलाब
बैंड-बाजों और दर्जनों मनमोहक झांकियों के साथ शुरू हुई यह शोभायात्रा पावर हाउस रोड से होकर भावत चौराहा, कचहरी रोड, कृषि तिराहा, तांगा स्टैंड, सदर बाजार और संताबंता चौराहा होते हुए आगरा रोड स्थित गौतम इंटर कॉलेज पहुँची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर शोभायात्रा का स्वागत किया और लोगों पर पुष्प वर्षा की। जगह-जगह जलपान की भी व्यवस्था की गई,!
धम्मसभा और सम्मान समारोह
शोभायात्रा के समापन पर गौतम इंटर कॉलेज में एक धम्मसभा आयोजित की गई। यहाँ भिक्षुओं को चीवर दान देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। कार्यक्रम में आए विशिष्ट अतिथियों का भी सम्मान किया गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजू यादव, विनय वर्मा, डॉ. आर. बौद्ध, गौरव शाक्य, सर्वेश शाक्य, डॉ. अवधेश शाक्य, सुनील कुशवाहा, दीपेंद्र शाक्य, राम सिंह शाक्य, विनीता शाक्य, लक्ष्मी यादव, कमलेश शाक्य, रघुराज सिंह शाक्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।