दैनिक शाक्य समाचार
महेंद्र पाल
वजीरगंज (बदायूं): वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पेंपल में गुरुवार शाम कुदरत का कहर देखने को मिला। तेज गर्जना के साथ एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से मकान का छज्जा ढह गया, जिसकी चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पेंपल निवासी राजकमल पुत्र जय सिंह साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और कड़कती बिजली एक मकान के ऊपर आ गिरी। बिजली के प्रभाव से मकान के लेंटर का छज्जा टूटकर सीधे राजकमल के ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं दब गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस चालक उज्जवल कुमार और ईएमटी संदीप कुमार ने मौके पर पहुँचकर घायल को प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सैदपुर में भर्ती कराया।
सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में युवक का इलाज जारी है, लेकिन इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।