दैनिक शाक्य समाचार
अयोध्या। जनपद के होनहार छात्र अथर्ववेद त्रिपाठी ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (JEE Mains) में 99.84 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। रविवार को प्रदेश के पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे 'पवन' ने अथर्ववेद के आवास पर पहुँचकर उन्हें बुके भेंट किया और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
अम्बिकेश त्रिपाठी के सुपुत्र अथर्ववेद की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए पूर्व मंत्री पवन पांडे ने कहा, "अथर्ववेद ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह भविष्य में भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें और देश व समाज की सेवा में अपना अमूल्य योगदान दें।"
इस अवसर पर सपा महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम भी मौजूद रहे, जिन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि पूर्व मंत्री ने अथर्ववेद के पिता अम्बिकेश त्रिपाठी और माता अर्चना त्रिपाठी को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की ऐसी सफलता के पीछे माता-पिता का कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन होता है।
इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य और शुभचिंतक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मेधावी छात्र को आशीर्वाद दिया।