नगर पंचायत को नरक पंचायत बनाने में जुटे माननीय लोग, सड़क निर्माण में बड़ा भ्रष्टाचार नगरवासियों में आक्रोश
दैनिक शाक्य समाचार
बृजभान यादव
अम्बेडकरनगर/जहांगीरगंज। नगर पंचायत जहांगीरगंज के वार्ड नंबर 12 में बन रही लगभग 500 मीटर लंबी डामर सड़क इन दिनों विकास कम, चर्चा ज्यादा बटोर रही है। ग्राम जगदीशपुर से शुरू होकर जगन्नाथ कुमार के घर होते हुए फतेहपुर अंबेडकर पार्क तक बन रही यह सड़क ग्रामीणों के अनुसार “मानक ताक पर रखकर” तैयार की जा रही है। यानी नियम किताब में हैं और काम ज़मीन पर अपनी मर्जी से!
ग्रामीणों का आरोप है कि यही सड़क पिछली बरसात से पहले भी बनाई गई थी, लेकिन गुणवत्ता ऐसी रही कि सड़क एक साल भी टिक न सकी। बरसात आई, सड़क घबराई और डामर ऐसे बिखरा जैसे शादी में बंटी रेवड़ी। अब वही सड़क फिर से बनाई जा रही है, लेकिन अंदाज़ वही पुराना—मानक गायब, मशीन चालू और जिम्मेदार मौन। क्या सरकारी बजट प्रतिवर्ष इसी तरह आता रहेगा सड़क हवा में गायब होती रहेगी और जनता का पैसा चंद लोगों की जेब में चंदे की तर्ज पर गायब हो जाएगा ।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब निर्माण कार्य में गुणवत्ता की बात की जाती है तो जवाब मिलता है—“जहां जाना है जाइए, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” ग्रामीणों के मुताबिक यह भी कहा जाता है कि “नीचे से ऊपर तक सब सेटिंग है।” अब यह सेटिंग है या सेटअप, इसकी जांच तो अधिकारी ही बताएंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतें करने पर भी अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष मिलकर मामले को दबा देते हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जनता पूछ रही है कि आखिर सड़क बन रही है या सरकारी धन का पुनर्चक्रण अभियान चल रहा है?
अब सबकी निगाहें जिला अधिकारी पर टिकी हैं कि वह इस मामले को गंभीरता से लेंगी या यह सड़क भी कागज़ों में चमकेगी और ज़मीन पर फिर फिसलेगी। फिलहाल वार्ड नंबर 12 में सड़क कम, सवाल ज्यादा बिछे हुए हैं।
अब देखना यह है कि इस प्रकार के सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार करके चुनाव की तैयारी की जा रही है या फिर अन्य अधिकारियों की जेब गर्म की जा रही है । अगर तलाशी जाए तो प्रत्येक वार्ड ने इस प्रकार का भ्रष्टाचार चरम पर है लेकिन वार्ड नंबर 12 के भ्रष्टाचार को देखते है किस प्रकार से दबाया जाता है ।