अनुशासनहीनता पर भाकियू चढूनी की बड़ी कार्रवाई, बिल्सी तहसील अध्यक्ष रामसिंह निष्कासित
दैनिक शाक्य समाचार
शिव कुमार शर्मा
बिल्सी। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाया है। जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने बिल्सी तहसील अध्यक्ष रामसिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से संगठन से निष्कासित कर दिया है।
क्यों हुई कार्रवाई?
जिलाध्यक्ष सतीश साहू के अनुसार, रामसिंह पिछले कुछ समय से संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त थे। वे संगठन में रहते हुए दूसरे संगठनों से नजदीकियां बढ़ा रहे थे और उनके बैनर का इस्तेमाल भी कर रहे थे। संगठन द्वारा पूर्व में उन्हें चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार न होने पर यह कड़ा निर्णय लिया गया।
आपात बैठक में लिया गया निर्णय
इस कार्रवाई से पहले रविवार को मालवीय आवास गृह पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में रामसिंह की गतिविधियों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से उनके निष्कासन का प्रस्ताव पारित किया गया। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अब संगठन का रामसिंह से कोई संबंध नहीं है।
इरशाद खां को मिली नई जिम्मेदारी
संगठन के कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश सचिव आसिम उमर की संस्तुति पर जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने जिला उपाध्यक्ष इरशाद खां को बिल्सी तहसील अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। नई नियुक्ति होने तक इरशाद खां ही तहसील की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इरशाद खां को यह नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है और उन्हें बधाई दी है।