दैनिक शाक्य समाचार
पूरन सिंह
वजीरगंज। स्थानीय कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय वजीरगंज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस (वर्ल्ड मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों और माहवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
साफ-सफाई और पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के काउंसलर अतुल कुमार मिश्रा और फैमिली प्लानिंग की काउंसलर श्वेता सबलोक ने छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था की शुरुआत होते ही लड़कियों में हर महीने मासिक धर्म (माहवारी) चक्र शुरू होता है, जो सामान्यतः 5 दिनों का होता है। इन दिनों में खान-पान और व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है।
काउंसलर्स ने दिए सुरक्षा के यह जरूरी टिप्स:
पैड का सही इस्तेमाल: हमेशा रेडीमेड सैनिटरी पैड या फिर साफ एवं तेज धूप में सुखाए गए सूती कपड़े का ही प्रयोग करें।
समय पर बदलें पैड: संक्रमण से बचने के लिए हर 4 से 6 घंटे में पैड बदलना बेहद जरूरी है।
हाथों की स्वच्छता: पैड का इस्तेमाल करने से पहले और बाद में हाथों को अच्छी तरह धोएं।
सही निपटान: इस्तेमाल के बाद पैड को कभी भी खुले में न फेंकें, बल्कि उसे सही तरीके से डिस्पोज करें।
पौष्टिक आहार: इन दिनों शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हमेशा पौष्टिक और ताजा भोजन ही ग्रहण करें।
भ्रांतियों को दूर करने पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान समाज में माहवारी को लेकर फैली विभिन्न भ्रांतियों और रूढ़िवादिता पर भी छात्राओं से खुलकर चर्चा की गई और उनका भ्रम दूर किया गया। स्कूल की वार्डन नीलम सक्सेना ने भी छात्राओं को माहवारी चक्र की वैज्ञानिक प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सेल्फी प्वाइंट पर अपनी फोटो भी क्लिक करवाईं।