दैनिक शाक्य समाचार
वीरसिंह शाक्य
बिसौली (बगरैन):बिसौली विधानसभा क्षेत्र के बगरैन मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्राम सरौरी में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। यह सभा बगरैन मंडल के महामंत्री राजेश शर्मा की पूजनीय माता जी स्वर्गीय सत्यवती शर्मा की वर्षी के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। इस भावपूर्ण अवसर पर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता पहुंचे।
शोक सभा में मुख्य रूप से बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य "राजू भैया" ने शिरकत की। उन्होंने स्वर्गीय सत्यवती शर्मा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक जी के साथ ही पूर्व प्रांतीय सदस्य हरिओम पाराशरी, मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार यादव और सेक्टर संयोजक सनी चौहान भी इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान उपस्थित सभी नेताओं और गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय सत्यवती शर्मा के जीवन और उनके सरल स्वभाव को याद किया। दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने के लिए गाँव और क्षेत्र के तमाम लोग भी वहाँ मौजूद रहे।