दैनिक शाक्य समाचार
दिव्या श्रीवास्तव
महुली (संत कबीर नगर): आगामी महाशिवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को थाना प्रभारी महुली, दुर्गेश पांडेय ने कालिजगदीशपुर चौकी के अंतर्गत पीडिया बाजार स्थित सुप्रसिद्ध पिंडेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने मंदिर परिसर और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वहाँ मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के साथ जन संवाद भी किया, जिसमें उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे ताकि किसी भी भक्त को दर्शन-पूजन में असुविधा न हो।थाना प्रभारी दुर्गेश पांडेय ने मौके पर मौजूद चौकी प्रभारी व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मंदिर के आसपास भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी।इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार गश्त पर रहेंगी ताकि महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।