इस्लामनगर पुलिस ने शादी समारोह से अपहृत 1 वर्षीय मासूम को 2 दिन में सकुशल बरामद किया, 5 अपहरणकर्ता गिरफ्तार*
दैनिक शाक्य समाचार
सोमवीर सिंह
इस्लामनगर: थाना इस्लामनगर पुलिस ने शादी समारोह से अपहृत एक वर्षीय मासूम बच्चे को दो दिन के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त शिफ्ट डिजायर कार DL1ZC2948 भी बरामद की गई है। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र ने सफल अनावरण करने वाली टीम को 50,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया व क्षेत्राधिकारी बिल्सी के.के. तिवारी के पर्यवेक्षण में अपहृत बच्चे की बरामदगी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं।
*क्या थी घटना*
दिनांक 16 अप्रैल 2026 को रात करीब 12.30 बजे थाना इस्लामनगर क्षेत्र के मोनार्क फॉर्म हाउस में विवाह कार्यक्रम के दौरान भूखन प्रजापति निवासी ग्राम सिरसा थाना रजपुरा जनपद संभल का एक वर्षीय पुत्र सौरभ कमरे में सो रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात महिला बच्चे को उठाकर ले गई। इस संबंध में थाना इस्लामनगर पर मु.अ.सं. 87/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
*कैसे हुआ खुलासा*
पुलिस टीमों ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच की। घटना वाले दिन मोनार्क फार्म हाउस के बाहर एक संदिग्ध शिफ्ट डिजायर कार DL1ZC2948 दिखी, जो मुनेश पुत्र कुंवरपाल निवासी भोपतपुर थाना अनूपशहर जनपद बुलंदशहर के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस टीम वाहन स्वामी के पते पर पहुंची और मुनेश को कार सहित बरामद कर लिया।
पूछताछ में मुनेश ने बताया कि वह अपनी रिश्तेदार खुशबू पुत्री ज्ञानसिंह निवासी ग्राम रामनगर थाना छतारी जनपद बुलंदशहर के साथ कार से इस्लामनगर मोनार्क फार्म हाउस गया था। खुशबू शादी समारोह में महिलाओं के बीच चली गई और जयमाला के समय मौका पाकर कमरे में सो रहे बच्चे सौरभ को उठा लाई। इसके बाद दोनों बच्चे को लेकर आगरा में खुशबू के मौसा दिनेश पुत्र कन्हैया लाल निवासी सुखधाम कॉलोनी थाना सदर आगरा के घर पहुंचे।
दिनेश ने खुशबू के साथ मिलकर बच्चे को अपने भाई मुकेश के साले सोनू पुत्र हरिशंकर शाक्य निवासी मोहल्ला दीवानजी ताजगंज जनपद आगरा को 70,000 रुपये में बेचने की डील की। सोनू की शादी के 12 वर्ष बाद भी कोई संतान नहीं थी। सौदे में 20,000 रुपये एडवांस भी लिए गए। दिनेश के कागजात मांगने पर खुशबू ने कहा कि वह प्राइवेट अस्पताल में नर्स है और कागज बनवा देगी।
*गिरफ्तारी*
पुलिस टीम मुनेश को साथ लेकर दिनेश के घर पहुंची जहां दिनेश व खुशबू मिले। दोनों ने बताया कि बच्चा सोनू और उसकी पत्नी बबली को बेच दिया है। पुलिस टीम सोनू के घर पहुंची तो बबली व उसकी रिश्तेदार पूजा पत्नी मुकेश अपहृत बच्चे सौरभ के साथ मौजूद मिलीं। बबली ने बताया कि संतान न होने के कारण उसने बच्चा दिनेश, मुकेश, खुशबू व मुनेश से खरीदा है।
पुलिस ने अपहृत सौरभ को सकुशल बरामद कर खुशबू, मुनेश, दिनेश, बबली व पूजा को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया गया। मुकदमे में धारा 142, 143(4), 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
*गिरफ्तार अभियुक्त:*
1. खुशबू पुत्री ज्ञान सिंह निवासी ग्राम रामनगर थाना छतारी जिला बुलंदशहर
2. मुनेश पुत्र कुंवरपाल निवासी ग्राम भोपतपुर थाना अनूपशहर जनपद बुलंदशहर
3. दिनेश पुत्र कन्हैयालाल निवासी मोहल्ला सुखधाम कॉलोनी थाना सदर जनपद आगरा
4. बबली पत्नी सोनू निवासी मोहल्ला दीवानजी ताजगंज थाना ताजगंज जनपद आगरा
5. पूजा पत्नी मुकेश निवासी मोहल्ला सुखधाम कॉलोनी थाना सदर जनपद आगरा
*आपराधिक इतिहास:* मुनेश के विरुद्ध थाना छतारी जिला बुलंदशहर में मु.अ.सं. 04/2020 धारा 279, 304A, 338 आईपीसी दर्ज है।
*बरामदगी:* शिफ्ट डिजायर कार DL1ZC2948
*गिरफ्तारी करने वाली टीम:* थाना प्रभारी इस्लामनगर व पुलिस टीम, प्रभारी एसओजी टीम, प्रभारी सर्विलांस टीम।