बदायूं, मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण के तहत जिले भर में चौपाल, महिलाओं-बालिकाओं को योजनाओं व हेल्पलाइन की दी जानकारी
दैनिक शाक्य समाचार
प्रमोद कुमार
बदायूं: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) द्वितीय चरण के तहत सोमवार 21 अप्रैल 2026 को जनपद के सभी थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले की सभी मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्र में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। कार्यक्रमों में महिला संबंधी समस्याओं के निस्तारण पर चर्चा हुई और उन्हें सशक्त व सुरक्षित वातावरण देने का प्रयास किया गया।
इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जाकर शासन व पुलिस विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उ.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पी.एम. स्वनिधि योजना, पी.एम. सम्मान निधि योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शामिल रहीं।
महिलाओं व बालिकाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सी.एम. हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के बारे में पंपलेट बांटकर जागरूक किया गया। मोबाइल पर इमरजेंसी कॉल व पैनिक बटन का डेमो भी दिया गया।
साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट व अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति से खाता संख्या, पिन, ओटीपी या सीवीवी नंबर साझा न करें।
अभियान का मकसद महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।