जगदीशपुर में नाली निर्माण न होने से नगरवासी परेशान, जल्द कार्रवाई की मांग
दैनिक शाक्य समाचार
बृजभान यादव
अंबेडकरनगर।
नगर पंचायत जहांगीरगंज अंतर्गत वार्ड संख्या 11, जगदीशपुर में वर्षों पुरानी कच्ची नाली का पुनर्निर्माण न होने से स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाली की बदहाल स्थिति के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है और लोगों का आना-जाना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त नाली का निर्माण ग्राम पंचायत के कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन नगर पंचायत गठन के बाद से अब तक किसी सक्षम अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। नाली जर्जर होने के कारण कई बार बच्चे उसमें गिरकर चोटिल हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
वार्ड निवासी विजय प्रकाश यादव, सुभाष यादव मुन्ना यादव, बृजेश यादव, लल्लन यादव, श्याम जी यादव और सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली का पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए, ताकि नगरवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।
नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।