बड़ी बाग चुंगी में आधुनिक नेत्र सेवाओं की नई शुरुआत
वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अनूप कुमार सिंह ने किया “वृंदा ऑप्टिकल” का शुभारंभ
दैनिक शाक्य समाचार
प्रमोद सिन्हा
गाज़ीपुर। शहर के बड़ी बाग चुंगी क्षेत्र में मंगलवार को आधुनिक नेत्र सुविधाओं से सुसज्जित “वृंदा ऑप्टिकल” का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतिष्ठान का उद्घाटन वाराणसी स्थित एएसजी आई हॉस्पिटल के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप कुमार सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, चिकित्सकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अनूप कुमार सिंह ने कहा कि बदलती जीवनशैली और डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण आंखों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। मोबाइल, लैपटॉप और अन्य स्क्रीन आधारित उपकरणों के अत्यधिक इस्तेमाल से कम उम्र के बच्चों और युवाओं की आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आंखों की जांच और गुणवत्तापूर्ण चश्मे का उपयोग बेहद आवश्यक हो गया है। ऐसे समय में आधुनिक तकनीक से लैस ऑप्टिकल सेंटर लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होंगे।
“वृंदा ऑप्टिकल” के संचालक अंकुर पांडे ने बताया कि प्रतिष्ठान में ग्राहकों को आधुनिक नेत्र जांच सुविधा, आकर्षक एवं ब्रांडेड फ्रेम, उच्च गुणवत्ता वाले लेंस, कंप्यूटर विजन ग्लास, सनग्लासेस तथा कॉन्टैक्ट लेंस उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शहर और आसपास के लोगों को उचित मूल्य पर बेहतर नेत्र सेवाएं उपलब्ध कराना है ताकि लोगों को बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।उन्होंने आगे बताया कि “वृंदा ऑप्टिकल” में आधुनिक मशीनों के माध्यम से आंखों की सटीक जांच की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्राहकों को सही नंबर का चश्मा और विशेषज्ञ परामर्श मिल सकेगा। ग्राहकों की संतुष्टि और आंखों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने इस नई पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी बाग चुंगी क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑप्टिकल सेंटर खुलने से स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। समारोह का समापन अतिथियों के स्वागत, धन्यवाद ज्ञापन एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ।