भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कारों के संग सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन
विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
दैनिक शाक्य समाचार
प्रमोद सिन्हा
गाजीपुर। धर्मपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री शिवपूजन बाबा गुलरी बाबा दिव्य लोक आश्रम की शाखा धर्मपुर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शनिवार को भक्तिमय माहौल एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य रूप से संपन्न हो गई। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं क्षेत्रीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे आश्रम परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में मथुरा-वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथा वाचक राम शीश शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का अत्यंत भावपूर्ण एवं ओजस्वी शैली में वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोपियों के प्रेम, भक्तों के प्रति भगवान की करुणा तथा धर्म, सत्य और मानवता के महत्व को सरल एवं प्रेरणादायक शब्दों में प्रस्तुत किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर मंत्रमुग्ध दिखाई दिए। “राधे-राधे”, “हरि बोल” और “प्रभु श्री शिवपूजन बाबा की जय” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
कथा के प्रत्येक दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज के गांवों एवं आसपास के जनपदों से पहुंचकर कथा श्रवण करते रहे। महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया। आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, वहीं श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल, प्रसाद वितरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उत्तम व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की गई थी।
समापन दिवस पर आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की सेवा में आश्रम परिवार एवं स्वयंसेवक पूरी निष्ठा के साथ जुटे रहे। देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से प्रसाद ग्रहण किया।
आश्रम ट्रस्ट के ट्रस्टी सचिव राजेश चौबे ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि संत-महात्माओं के आशीर्वाद, श्रद्धालुओं के सहयोग तथा आयोजन समिति की मेहनत से कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं ऐतिहासिक रहा।
इस अवसर पर सरदार यादव प्रधान, पंकज पानापुर, सुनील पांडेय, प्रयाग बाबा, विवेक, गोपाल यादव, अंकित यादव, हुलास यादव, गम यादव, श्याम नारायण, धर्मपुर शाखा के महंत श्री शिव साधु जी, वर्षी बाबा, विजय सिंह सहित दिव्य लोक आश्रम परिवार के सदस्य, क्षेत्रीय गणमान्य लोग एवं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।