दैनिक शाक्य समाचार
संत कुमार सिंह
बदायूँ, 30 अप्रैल 2026। आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से आगामी 09 मई 2026 को जनपद न्यायालय परिसर में 'राष्ट्रीय लोक अदालत' का भव्य आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत की सफलता के लिए प्रशासनिक और न्यायिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
न्यायिक अधिकारियों की हुई महत्वपूर्ण बैठक
लोक अदालत के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी मोहम्मद कमर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुमन तिवारी ने समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से फौजदारी (शमनीय वाद), चेक बाउंस (धारा 138 एन.आई. एक्ट), लघु वाद, दीवानी (सिविल) मामले और अन्य लंबित प्रकरणों के अधिक से अधिक निस्तारण पर जोर दिया गया।
पीएलवी (स्वयंसेवकों) को सौंपी जिम्मेदारी
आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से पराविधिक स्वयंसेवकों (PLV) की भी बैठक बुलाई गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें, ताकि वादकारी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने पुराने विवादों को आपसी सहमति से समाप्त करा सकें।
जनता से अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अपील की है कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों की कोई अपील नहीं होती और इससे समय व धन दोनों की बचत होती है। अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराएं।