बदायूं, मिशन शक्ति 5.0 के तहत जिले भर में चली जागरूकता मुहिम, महिलाओं-बालिकाओं को बताए हेल्पलाइन नंबर व सरकारी योजनाओं के लाभ
दैनिक शाक्य समाचार
प्रमोद कुमार
बदायूं: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) द्वितीय चरण के तहत गुरुवार 17 अप्रैल 2026 को जनपद के सभी थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले की सभी मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने शासन व पुलिस विभाग की ओर से महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उ.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पी.एम. स्वनिधि योजना, पी.एम. सम्मान निधि योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना प्रमुख रहीं।
साथ ही महिलाओं व बालिकाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सी.एम. हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पंपलेट वितरित कर इमरजेंसी कॉल व पैनिक बटन के उपयोग का डेमो भी दिया गया।
साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट व अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति से खाता संख्या, पिन, ओटीपी या सीवीवी नंबर साझा न करें।
शासन के निर्देश पर महिलाओं व बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए 19 मार्च 2026 से 17 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान के तहत मिशन शक्ति फेज-5.0 द्वितीय चरण चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।