दैनिक शाक्य समाचार
सहसवान (बदायूँ): डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हिरदेश कठेरिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नगर और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और पुलिस अधिकारियों ने शिरकत की।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अंबेडकर जयंती का पर्व परंपरागत हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। डॉ. हिरदेश कठेरिया ने अपने संबोधन में अपील की कि सभी नागरिक शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचनाएं साझा करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के बुजुर्गों और युवाओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि ऐसी बैठकों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी धनंजय सिंह, मुजरिया थाना प्रभारी विदेश कुमार और जरीफनगर थाना प्रभारी सुमित शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि जयंती के दौरान क्षेत्र में आदर्श कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे।